बलिया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बलिया दौरे से पहले समाजवादी पार्टी के नेता सुमन्त तिवारी उर्फ ‘सीटू’ को पुलिस द्वारा उनके आवास पर हाउस अरेस्ट कर लिया गया था। इस कार्रवाई के बाद सुमन्त तिवारी ने अपना बयान जारी कर प्रशासन पर सवाल उठाए और मुख्यमंत्री के समक्ष सिकन्दरपुर विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को रखा है।
सुमन्त तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री बलिया आ रहे हैं, लेकिन उनके आने से पहले ही पुलिस ने उन्हें घर में नजरबंद कर दिया। उन्होंने कहा कि बलिया की धरती पर हमेशा सच और सवाल पूछने की हिम्मत रही है, लेकिन सवाल पूछने वाले को ही घर में बैठा दिया गया।
उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील करते हुए कहा कि वह बलिया जरूर आएं और मंच से भाषण भी दें, लेकिन उनके विधानसभा क्षेत्र सिकन्दरपुर की समस्याओं का जवाब भी दें।
बस यात्रा की सुविधा से पहले बस स्टैंड की व्यवस्था की मांग
सुमन्त तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री 60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए मुफ्त बस यात्रा की घोषणा कर रहे हैं, लेकिन सिकन्दरपुर में महिलाओं और यात्रियों के लिए ढंग का बस स्टैंड तक नहीं है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ मुफ्त बस यात्रा की सुविधा की बात हो रही है, वहीं दूसरी तरफ सिकन्दरपुर की जनता आज भी बस पर चढ़ने के लिए उचित स्थान तलाश रही है। उन्होंने क्षेत्र में बेहतर बस स्टैंड की व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई।
दरौली पुल और स्पोर्ट्स कॉलेज को लेकर सवाल
सपा नेता ने दरौली के पक्के पुल के निर्माण को लेकर सवाल किया कि आखिर यह पुल कब बनेगा। उन्होंने पुर में स्पोर्ट्स कॉलेज के निर्माण को लेकर भी सरकार से जवाब मांगा।
इसके साथ ही उन्होंने घाघरा नदी के किनारे बसे गांवों को कटान से बचाने के लिए ठोस और स्थायी व्यवस्था किए जाने की मांग उठाई।
बोले—हमें घर में बैठा दिया, लेकिन सवालों को कौन बैठाएगा?
सुमन्त तिवारी ने कहा कि उन्हें घर में बैठाया जा सकता है, लेकिन बलिया की जनता के सवालों को घर में नहीं बैठाया जा सकता। उन्होंने कहा कि पुलिस का पहरा घर तक हो सकता है, जनता की आवाज पर नहीं।
उन्होंने मुख्यमंत्री से सवाल करते हुए कहा कि अब देखना यह है कि सरकार बलिया की जनता की समस्याएं सुनती है या केवल बलिया में भाषण देकर चली जाती है।
सुमन्त तिवारी ने कहा कि मुख्यमंत्री अपने दौरे के दौरान सिकन्दरपुर और बलिया की जनता से जुड़े इन सवालों का जवाब जरूर दें। उन्होंने कहा कि हाउस अरेस्ट किए जाने के बावजूद क्षेत्र की समस्याओं और जनता की आवाज को उठाते रहेंगे।



0 Comments