Ticker

6/recent/ticker-posts

भारतीय तेली दिवस पर बलिया में हर्षोल्लास, तेली समाज ने लिया एकता और समाजोत्थान का संकल्प


By-IMRAN KHAN

बलिया, 14 सितम्बर, 2026।

भारतीय तेली दिवस के अवसर पर सोमवार को बलिया जिले में तेली समाज के बीच उत्साह और उल्लास का माहौल रहा। भारतीय तैलिक साहू राठौर महासभा, बलिया के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने एक-दूसरे को भारतीय तेली दिवस की शुभकामनाएं देते हुए समाज की एकता, शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान को लेकर संकल्प लिया।

इस अवसर पर महासभा के जिलाध्यक्ष शिव कुमार गुप्ता ने समाज के लोगों को बधाई देते हुए कहा कि भारतीय तेली दिवस महज कैलेंडर की एक तारीख नहीं, बल्कि समाज के गौरव, स्वाभिमान, संघर्ष और एकजुटता को याद करने का महत्वपूर्ण अवसर है। तेली समाज ने सदियों से अपनी मेहनत, ईमानदारी, कर्मठता और उद्यमशीलता के माध्यम से देश और समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में समाज के सामने नई चुनौतियां हैं, जिनका मुकाबला केवल एकजुटता और जागरूकता के बल पर किया जा सकता है। श्री गुप्ता ने विशेष रूप से युवाओं से शिक्षा को अपनी पहली प्राथमिकता बनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज का भविष्य तभी मजबूत होगा, जब हमारे बच्चे उच्च शिक्षा प्राप्त कर रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार और उद्यमिता की दिशा में भी आगे बढ़ेंगे। उन्होंने समाज के सक्षम लोगों से अपील की कि वे जरूरतमंद परिवारों के बच्चों की शिक्षा, रोजगार और अन्य आवश्यकताओं में सहयोग करें।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि महासभा का उद्देश्य केवल संगठन का विस्तार करना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को एक-दूसरे से जोड़ना और जरूरत के समय उसके साथ खड़ा होना है। उन्होंने कहा कि समाज की ताकत संख्या में नहीं, बल्कि आपसी भाईचारे, सहयोग और एकता में होती है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति दूसरे के सुख-दुःख में सहभागी बने तो सामाजिक विकास की राह और मजबूत होगी।

प्रमुख समाजसेवी एवं प्रधान प्रत्याशी सिवानकला, सिकन्दरपुर सुनील गुप्ता ने कहा कि आज के युवाओं को शिक्षा के साथ स्वरोजगार पर भी ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि समाज के विकास के लिए सभी वर्गों और परिवारों को साथ लेकर चलने की आवश्यकता है। समाज तभी आगे बढ़ेगा, जब अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक सहयोग और अवसर पहुंचेंगे।

नगर अध्यक्ष सिकन्दरपुर रमेश कुमार गुप्ता ने कहा कि महासभा नगर स्तर पर लगातार समाजहित में कार्य कर रही है। संगठन समाज के लोगों के हर सुख-दुःख में कंधे से कंधा मिलाकर खड़ा रहने के लिए प्रतिबद्ध है।

वहीं जिला महामंत्री ओमप्रकाश गुप्ता ने समाज के लोगों से आपसी मतभेद भुलाकर भाईचारे और संगठन को मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति है और सभी को मिलकर आने वाली पीढ़ी के बेहतर भविष्य के लिए काम करना चाहिए।

उक्त अवसर पर पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने एकता, सहयोग, शिक्षा और समाजोत्थान का संकल्प लिया। साथ ही समाज में आपसी भाईचारा मजबूत करने तथा जरूरतमंदों की हरसंभव सहायता करने का आह्वान किया गया। पूरे आयोजन के दौरान समाज के गौरव और उज्ज्वल भविष्य को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

Post a Comment

0 Comments