Ticker

6/recent/ticker-posts

दुर्गा पंडाल का उद्घाटन कर क्षेत्रीय विधायक ने दिया कौमी एकता का संदेश



@इमरान खान

चरवां बरवा गांव में दुर्गा पंडाल का उद्घाटन कर विधायक जियाउद्दीन रिजवी ने दिया कौमी एकता का संदेश, 51 किलो की माला पहनाकर हुआ भव्य स्वागत

सिकन्दरपुर, बलिया, 18 अक्टूबर। 359 विधानसभा क्षेत्र सिकन्दरपुर के समाजवादी पार्टी के विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने शनिवार को चरवां बरवा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल का फीता काटकर भव्य उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने कौमी एकता, आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द की मिसाल पेश की। पंडाल के उद्घाटन के साथ ही मां दुर्गा के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा। कार्यक्रम में गांव के सैकड़ों युवा, महिलाएं और बच्चे मौजूद रहे। युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला।




विधायक के गांव के समीप पहुंचते ही पहले से इंतजार कर रहे सैकड़ों युवाओं ने बाइक से पहुंचकर उनका जोरदार स्वागत किया। इसके बाद विधायक ने गांव का भ्रमण किया। चरवां बरवा गांव में दुर्गा पूजा पंडाल पहुंचने पर ग्रामीणों ने उन्हें 51 किलो की विशाल माला पहनाकर भव्य स्वागत एवं सम्मानित किया। विधायक के फीता काटते ही पूरा पंडाल मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा और श्रद्धालुओं में उत्साह की लहर दौड़ गई।


इस अवसर पर विधायक मोहम्मद जियाउद्दीन रिजवी ने दुर्गा पूजा एवं दशहरा की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, सद्भाव और भाईचारे को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया। उन्होंने संदेश दिया कि त्योहार हमारी साझा संस्कृति और गंगा-जमुनी तहजीब की पहचान हैं। जिस तरह दशहरा बुराई पर अच्छाई की जीत का प्रतीक है, उसी तरह हमें नफरत और वैमनस्य को मिटाकर प्रेम, एकता और इंसानियत को मजबूत करना चाहिए।

विधायक की मौजूदगी और उनके स्वागत के दौरान युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। कार्यक्रम ने सामाजिक सौहार्द और आपसी एकता का संदेश दिया। ऐसे आयोजन समाज में आपसी विश्वास को मजबूत करने के साथ ही विभिन्न समुदायों के बीच प्रेम और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Post a Comment

0 Comments