✍️👉इमरान खान
बलिया, 13 सितम्बर, 2026।
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर विधानसभा स्तर पर आयोजित किए जा रहे जातिवार PDA जन संवाद कार्यक्रम के क्रम में सिकन्दरपुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम ससना अहलु (बहेरी) में कुशवाहा समाज की बैठक आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कुशवाहा समाज के लोगों, सपा कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों की मौजूदगी रही।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में क्षेत्रीय विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी मौजूद रहे। कार्यक्रम की शुरुआत विधायक रिजवी द्वारा PDA समाज के लोगों को फूल-मालाओं से सम्मानित कर की गई।
अपने सम्बोधन में राष्ट्रीय सचिव राजेश कुशवाहा ने कहा कि वर्तमान समय में कोइरी-कुशवाहा समाज का सबसे अधिक शोषण हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाज के बच्चों की शिक्षा की ओर तो बढ़ रहे हैं, लेकिन उनके अधिकार और भविष्य पर ध्यान नहीं दिया जा रहा है। उन्होंने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में खेती-किसानी और बच्चों के बेहतर भविष्य के लिए समाज से समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की अपील की।
विधायक मो. जियाउद्दीन रिजवी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा सरकार पूंजीपतियों के हित में काम कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा को राजनीतिक फायदा पहुंचाने के लिए बहुजन समाज पार्टी और एआईएमआईएम जैसी पार्टियां वोटों के बंटवारे की राजनीति करती हैं। उन्होंने लोगों से ऐसी ताकतों से सावधान रहने की अपील की।
विधायक रिजवी ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और बसपा प्रमुख मायावती पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि ओवैसी उन क्षेत्रों में उम्मीदवार खड़ा करते हैं, जहां मुस्लिम मतदाता अधिक हैं और ऐसी भाषा का इस्तेमाल करते हैं जिससे हिंदू-मुस्लिम मतदाताओं के बीच तनाव पैदा हो। उन्होंने कहा कि भाजपा, एआईएमआईएम और बसपा की राजनीति से PDA गठबंधन को सावधान रहने की जरूरत है, क्योंकि वोटों का बंटवारा अंततः भाजपा को लाभ पहुंचा सकता है।
कुशवाहा समाज से अपने पुराने राजनीतिक संबंधों का उल्लेख करते हुए विधायक रिजवी ने कहा कि जब उन्होंने राजनीति में कदम रखा, उस समय मुलायम सिंह यादव उनके नेता थे और इस क्षेत्र में रमेश कुशवाहा के सानिध्य में उन्होंने राजनीतिक जीवन की शुरुआत की थी। उन्होंने कहा कि कुशवाहा समाज और समाजवादी पार्टी का रिश्ता पुराना है और आने वाले समय में इस रिश्ते को और मजबूत करने की जरूरत है।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने PDA की एकजुटता, सामाजिक भागीदारी और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की। मंच से समाज के लोगों से समाजवादी पार्टी के साथ मजबूती से जुड़ने और PDA को मजबूत करने का आह्वान किया गया।
बैठक को सुनील वर्मा, भगवान वर्मा, बाबूराम वर्मा, सरदार वर्मा, आत्मा वर्मा, राजकुमार वर्मा सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता किसुन वर्मा ने तथा संचालन वीरबहादुर वर्मा ने किया। इस दौरान सुदामा वर्मा सहित सैकड़ों कार्यकर्ता, समाज के लोग और ग्रामीण मौजूद रहे।






0 Comments